
धर्मशाला। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से ग्याहरवीं कक्षा की डेटशीट में बदलाव किए जाने पर एबीवीपी तलख हो गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को शिक्षा बोर्ड सचिव को इस बारे ज्ञापन सौंपा। परिषद कार्यकर्ताओं ने सचिव से मांग की कि परीक्षा से चार दिन पूर्व डेटशीट में बदलाव करना उचित नहीं है। उन्होंने इस बदलाव को परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है। परिषद का कहना है कि स्कूलों में परीक्षा के चलते अवकाश हैं, ऐसे में कई परीक्षार्थियों को डेटशीट में बदलाव का पता नहीं चल पाएगा। उन्होंने शिक्षा बोर्ड सचिव से पूर्व निर्धारित तिथि पर ही परीक्षा लेने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि बोर्ड और विभाग ने ग्याहरवीं कक्षा के इतिहास और राजनीतिक शास्त्र विषयों की परीक्षा तिथि में बदलाव किया है। इसके चलते अब इतिहास की परीक्षा पांच मार्च के बजाय चार मार्च को होगी, जबकि राजनीतिक शास्त्र की परीक्षा 9 के बजाय 11 मार्च को होनी तय हुई है। इसका विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता कड़ा विरोध कर रहे हैं। वहीं, शिक्षा बोर्ड ने परिषद कार्यकर्ताओं को पूरा मामला समझाते हुए कहा कि यह बदलाव परीक्षाएं क्लैस होने के चलते किया गया है। इसे किसी हालत में नहीं बदला जा सकता है। विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता धर्मशाला इकाई अध्यक्ष मुनीष अवस्थी, एससीए अध्यक्ष अंशुल शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा बोर्ड सचिव से मिले। इस मौके पर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य आतिश गुलेरिया, ममता, चंदन शर्मा आदि कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
