डुघीलग-डुफकन सड़क का निर्माण कार्य ठप

भल्याणी (कुल्लू)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना ( पीएमजीएसवाई) के तहत निर्माणाधीन डुघीलग-डुफकन सड़क का निर्माण कार्य छह माह से ठप पड़ा है। इससे ग्रामीणों में सरकार और विभाग के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग को धमकी दी है कि अगर जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पत्र लिखेंगे।
जिला की लगघाटी के दुर्गम गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के मकसद से डुघीलग-डुफकन सड़क के लिए सरकार ने पीएमजीएसवाई के तहत धन मुहैया करवाया है। बावजूद इसके सड़क का निर्माण कार्य ठंडे बस्ते में पड़ा है। पंचायत मझाट के प्रधान रूहणी राम, फलाण पंचायत की प्रधान बिमला देवी, उपप्रधान नंद लाल, चुनी लाल, टिक्कम राम, दयानंद तथा जय सिंह ने बताया कि छह माह से विभाग की कार्यप्रणाली के चलते सड़क का निर्माण कार्य बंद है। जल्द ही कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण मुख्यमंत्री को पाती लिखकर विभाग की कारगुजारियों की पोल खालेंगे। उधर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता ने बताया कि विभाग ने सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया है। जल्द ही सड़क का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts