डुगली बराण स्कूल की सर्वश्रेष्ठ छात्रा

पतलीकूहल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बराण में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि रहे जिला परिषद अध्यक्ष कुल्लू हरि चंद शर्मा ने स्कूल के मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के छठी कक्षा के छात्रों ने …इतनी सी हंसी, इतनी सी खुशी गीत पर शानदार नृत्य कर खूब तालियां बटोरीं। जबकि, सातवीं कक्षा की छात्राओं ने गणेशा देवा गीत पर महाराष्ट्र का नृत्य प्रस्तुत कर खूब समां बांधा। इसके बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक था गधा नामक लघु नाटिका पेश की। छात्राआें ने कुल्लवी नाटी डाल कर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। ग्राम पंचायत बराण की प्रधान एवं एसएमसी अध्यक्ष सीमा भारद्वाज ने पंचायत एवं पाठशाला की समस्याओं को मुख्य अतिथि के समक्ष रखा। मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनकी हौसलाफजाई की। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की ओर से रखी गई फर्नीचर मांग के लिए 50 हजार रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। बराण पाठशाला की डुगली देवी को साल की सर्वश्रेष्ठ छात्रा घोषित किया गया। इससे पूर्व स्कूल प्रिंसिपल कन्या देवी ने सालाना रिपोर्ट पढ़ कर सुनाई और मुख्यातिथि का कुल्लवी परंपरानुसार स्वागत किया।

Related posts