डीसी ने रंगस का चेक डैम जांचा

हमीरपुर। नादौन विकास खंड में एकीकृत वाटरशेड एमपी-तीन के तहत आठ करोड़ सत्तर लाख की राशि व्यय करके 5800 हेक्टेयर भूमि का उपचार किया जा रहा है। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने रंगस पंचायत में वाटरशेड प्रोजेक्ट के तहत रंगस के बल्ली नाला में निर्मित चेक डैम का निरीक्षण किया। बल्ली नाला में नए चेक डैम निर्मित करने के लिए पंचायत को प्रस्ताव भेजने के भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बल्ली नाला पर पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डैम में पानी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है, पानी को सिंचाई के लिए उपयोग में लाने के लिए वाटर पंप लगाए जाएंगे।
उपायुक्त ने रंगस पंचायत में विभिन्न आवास योजनाओं तथा मनरेगा के तहत अर्जित उपलब्धियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी हासिल की और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उपायुक्त ने कहा कि हमीरपुर जिला में विकास कार्यों का नियमित औचक निरीक्षण ब्लाक स्तर, उपमंडल स्तर तथा जिला स्तर पर किया जा रहा है। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने कहा कि प्रत्येक माह अधिकारियों से निरीक्षण रिपोर्ट भी मांगी जाएगी।

Related posts