डीसी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

कुल्लू। 67 वां हिमाचल दिवस कुल्लू के ढालपुर में धूमधाम से मनाया गया। जिला स्तरीय इस समारोह में डीसी राकेश कंवर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य परेड की सलामी ली। इस भव्य परेड में प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, होमगार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स की टुकड़ियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिले के लोगों को हिमाचल दिवस की बधाई देते हुए राकेश कंवर ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयासों से 15 अप्रैल 1948 को हिमाचल प्रदेश एक अलग पहाड़ी राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। स्थापना के बाद 66 वर्षों के अपने सफर के दौरान हिमाचल प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और आज यह प्रदेश भारत के पहाड़ी राज्यों में अग्रणी राज्य के रूप में जाना जाता है। इस छोटे से प्रदेश ने लगभग हर क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। देश की तीनों सेनाओं, अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस बलों में हिमाचल के लाखों जवान अपनी सराहनीय सेवाएं प्रदान करके देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में अहम भूमिका अदा कर रहे हैं। लोकसभा के आम चुनाव में सात मई को हिमाचल में मतदान होगा और प्रत्येक प्रदेशवासी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों, गर्ल्स स्कूल सुल्तानपुर, भारत-भारती स्कूल, कुल्लू वैली स्कूल, लॉ मांटेसरी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र शमशी, चामुंडा नर्सिंग और सूर्या सांस्कृतिक दल बनोगी के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को तथा परेड के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुरेंद्र वैद्य, एसपी डॉ. विनोद धवन, एडीएम विनय सिंह ठाकुर, एसडीएम डॉ. सुरेश जसवाल, एएसपी निहाल चंद, सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट वीएस यादव, भूतपूर्व सैन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts