
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के बीटेक डिग्री प्रोग्राम में दाखिले के लिए दूसरा स्पॉट राउंड सत्र आयोजित होगा। बीटेक दाखिले के को-चैयरमेन प्रो. मनोज कुमार के अनुसार कैंपस में 29 व 30 अगस्त को स्पाट राउंड सत्र होगा। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों में उपलब्ध खाली सीटों की जानकारी 27 अगस्त की शाम को जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन दिल्ली और दिल्ली से बाहर के छात्रों को ओबीसी, एनआरआई, एससी, एसटी, पीआईओ समेत आरक्षित वर्ग के तहत सीटें अलॉट की जाएंगी। वहीं दूसरे दिन जनरल वर्ग की सीट अलॉट होगी। इस सत्र में वे छात्र भी भाग ले सकते हैं, जिन्होंने बीटेक दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन करा रखा है पर किसी भी काउंसलिंग में उसका नंबर नहीं आया या उन्होंने पहले स्पाट राउंड में भाग नहीं लिया था। छठीं कट ऑफ लिस्ट जारी होने के बाद खाली सीटों के लिए ओपन हाउस काउंसलिंग होगी। अहम है कि पांचवीं कट ऑफ के बाद 1418 सीटें भर गई हैं।
इस राउंड में छात्र के अलावा किसी अन्य को आने की इजाजत नहीं होगी। छात्रों को 75 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भी जमा करवाना होगा। जिन छात्रों ने बीटेक दाखिले के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के समय प्रोग्राम विकल्प चुना होगा, उन्हें इस सत्र में प्रोग्राम बदलने की सुविधा नहीं मिलेगी।
