
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की पहली कटऑफ जारी होने के चार दिन में ही 60 फीसदी सीटें भर चुकी हैं। दाखिले के लिए आउटसाइडर छात्रों का रुझान अधिक देखने को मिल रहा है। इस सत्र में आउटसाइडर जेईई (मेन) रैंक सुपर हाई गया है। इससे प्रबंधन काफी खुश है।
कुलपति प्रो. पीबी शर्मा के अनुसार, डीटीयू पर छात्रों का भरोसा बढ़ रहा है। पहली कटऑफ के साथ 60 फीसदी सीटें भर चुकी हैं, जोकि बेहद खुशी की बात है। कुल 1546 सीटों पर दाखिले के पहले चार दिनों में 928 छात्रों ने एडमिशन लिया है, जबकि दिल्ली व आउटसाइडर में दस हजार से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन किया था। दिल्ली रीजन में 387 जेईई (मेन) रैंक पहले तो 14174 रैंक के छात्र ने आखिरी दाखिला लिया है, जबकि आउटसाइडर में 60 जेईई (मेन) रैंक वाले छात्र को पहली सीट तो 2682 रैंक वाले छात्र को आखिरी सीट मिली है। सोमवार को दूसरी कटऑफ जारी होगी।
