
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के साथ ही कैंपस में नौकरियों का पिटारा भी खुलने लगा है। कैंपस प्लेसमेंट के तहत तीन दिनों में बीटेक अंतिम वर्ष के 13 छात्रों को नौकरी मिली है।
बवाना स्थित डीटीयू कैंपस में एक अगस्त से नया सत्र और कैंपस प्लेसमेंट शुरू हो गया। प्लेसमेंट के तहत सबसे अधिक 28 लाख रुपये का सालाना पैकेज कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पूजा चितकारा को मिला है, जबकि छह छात्रों को 21-21 लाख रुपये का ऑफर मिला है। इसके अलावा छह अन्य छात्रों को भी आकर्षक वेतन की पेशकश है। प्लेसमेंट अधिकारी नीरज के अनुसार, पिछले सत्र की कामयाबी के बाद अब साथ कंपनियां छात्रों का चुनाव करने कैंपस पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि इस सत्र में 35 से अधिक बड़ी विदेशी कंपनियां पहुंच रही हैं। पिछले सत्र में 176 कंपनियाें ने बीटेक और एमटेक के 980 छात्रों को नौकरी दी थी। कुलपति प्रो. पीबी शर्मा के अनुसार, इस साल से तीसरे वर्ष के इंजीनियरिंग छात्रों को इंटर्नशिप का तोहफा भी मिल रहा है, जिसमें उन्हें वेतन भी मिलेगा। इंटर्नशिप से छात्रों को आगे प्लेसमेंट में मदद मिलेगी।
