डिवाइडर पर रास्ता न छोडऩे पर भड़के लोग

जालंधर: होशियारपुर रोड पर स्थित जिला देहाती पुलिस के थाना पतारा के गांव जौहलां के लोगों ने वीरवार दोपहर को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर होशियारपुर हाईवे पर बनाए जा रहे डिवाइडर पर गांव जौहलां के गेट के आगे रास्ता न छोड़े जाने को लेकर हाईवे पर जाम लगा कर पी.डब्ल्यू.डी. के विरुद्ध धरना दिया और जमकर रोष प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे गांव के पूर्व सरपंच रिटा. डी.एस.पी. रमेश कुमार व यूथ अकाली दल देहाती के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखबीर सिंह जौहल ने कहा कि डिवाइडर का काम कर रहे ठेकेदार ने पहले रास्ता काफी समय से छोड़ रखा था लेकिन आज सुबह जब उन्हें सूचना मिली कि छोड़े हुए रास्ते पर भी डिवाइडर बनाने का काम शुरू किया जा रहा है तो गांव के सभी लोग गांव जौहलां के गेट पर पहुंच गए और धरना देने की तैयारी शुरू कर दी।

उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग ने पहले उन्हें यहां रास्ता छोडऩे का आश्वासन दिया था लेकिन आज के हालात देख कर ऐसा लगा कि उनके साथ धक्केशाही की जा रही है। पूर्व डी.एस.पी. रमेश कुमार व अकाली नेता लखबीर सिंह समेत भारी संख्या में मौजूद लोगों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विभाग ने उनकी मांग को पूरा न किया तो वे बड़े स्तर पर संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे।

धरना देने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। जौहलां निवासियों द्वारा दिए गए धरने के दौरान काफी देर तक लोग वहां फंसे रहे। बहुत से लोगों ने तो हालात देखते हुए रास्ता बदल कर जाना ही बेहतर समझा और अन्य तब तक वहीं रहे जब तक धरना उठा नहीं लिया गया। लोगों ने वाहनों के आगे खड़े होकर जाम लगाया हुआ था और सड़क को पूरी तरह से बंद किया हुआ था, जिसके चलते दूर तक वाहनों की लाइनें लग गईं।

Related posts