
चंबा। डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन के लिए शिक्षकों को वीरवार तक अपने आवेदन पत्र शिक्षा उप निदेशक कार्यालय पहुंचाने होंगे। 20 दिसंबर के बाद आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में आवेदन न करने वाले जिला के प्राइमरी स्कूलों में सेवाएं दे रहे प्राथमिक सहायक अध्यापक, विद्या उपासक व इजीएस के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। विभाग की ओर से आवेदन पत्र 25 दिसंबर तक निदेशालय को प्रेषित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि प्राथमिक सहायक अध्यापक, विद्या उपासक व इजीएस के लिए सरकार ने दो साल का डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन करना अनिवार्य कर दिया है। इसके बाद ही वे स्कूलों में सेवाएं देने के पात्र होंगे। ऐसा न करने पर इस वर्ग के शिक्षकों को नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से 20 दिसंबर से पहले-पहले आवेदन करने के शिक्षकों को निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक अधिकांश शिक्षकों की ओर से डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन के लिए आवेदन नहीं किया है। शिक्षा विभाग के डिप्टी डीईओ ओपी हीर ने बताया कि पात्र शिक्षक वीरवार तक अपने आवेदन पत्र स्वयं शिक्षा उप निदेशक कार्यालय आकर जमा करवाएं । शिक्षा विभाग की ओर से आवेदन पत्र की वेरिफिकेशन करने के बाद 25 दिसंबर तक निदेशालय को भेज दिए जाएंगे।
इंसेट………..
अगर किसी अध्यापक ने 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन की है। साथ में बीएड भी की है, तो ऐसे अभ्यर्थियों को मात्र छह माह का ही अध्यापन का कोर्स करना पड़ेगा।
