
रक्कड़ (कांगड़ा)। रात को बांस से लदे वाहन को गुजरने की अनुमति न देने पर वन विभाग सदवां ब्लॉक के डिप्टी रेंजर और गार्ड पर कुछ लोगों ने उनके क्वार्टर में घुसकर हमला कर दिया। इससे डिप्टी रेंजर और गार्ड जख्मी हो गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक मंगलवार रात बांस से लदे वाहन को परमिशन न देने पर सुरेश कुमार, सुरजीत सिंह और जोगिंद्र निवासी सदवां ने सदवां ब्लॉक के डिप्टी रेंजर और गार्ड से मारपीट की। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम रात को घटनास्थल के लिए रवाना हुई। उसके बाद घटना की शिकायत डिप्टी रेंजर तिलक राज ने पुलिस में दर्ज करवाई। डीएफओ जेसी कटोच ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद वन कर्मियों और अधिकारियों के बीच भय का माहौल है और वीरान जगहों पर बने क्वार्टरों में रहने से डर रहे हैं। डीएफओ ने बताया कि वन कर्मी संघ ने भी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई न होने की सूरत में धरना देने को चेताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से वन कर्मी घबराने वाले नहीं है। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
