डिपुओं से दाल, चीनी और तेल गायब

ऊना/गगरेट/अंब। त्योहारी मौके पर ऊना जिले के विभिन्न क्षेत्रों के सरकारी डिपुओं से सस्ते राशन की खेप गायब हो गई है। डिपो होल्डर तर्क दे रहे हैं कि इस बार सस्ते राशन की सप्लाई नहीं आई। लोग डिपुओं से मायूस होकर लौट रहे हैं। लोगों का कहना है कि त्योहारी मौके पर सरकार और विभाग की ओर से ऐसा भद्दा मजाक अच्छा नहीं लगता। जिला में इस समय 291 सरकारी डिपो चल रहे हैं। इनमें से अधिकतर डिपुओं में सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। कमरतोड़ महंगाई के इस दौर में लोग महंगे दाम पर बाजार से चीनी, दालें और खाद्य तेल समेत अन्य वस्तुएं खरीदने को विवश हैं। उधर, विभाग का कहना है कि डिपुओं को राशन की सप्लाई हो रही है। अंब से रमेश कुमार, अजय कुमार, सुरेंद्र ठाकुर, सतीश कुमार, रणजोध सिंह, संजीव कुमार, नरेश ठाकुर, मनोज कुमार, राजेंद्र कुमार आदि ने कहा कि डिपुओं में सस्ते राशन की खेप न आने से माह में दो हजार रुपये का अतिरिक्तआर्थिक बोझ लोगों को झेलना पड़ रहा है। पिछले कई महीनों से राशन की नियमित सप्लाई नहीं आ रही है। इस महीने चीनी, तेल, आटा, दाल कुछ भी डिपुओं में नहीं मिल रहा है। डिपुओं के चक्कर काटकर लोग थक गए हैं। गगरेट क्षेत्र के लोगों राजेश ठाकुर, अश्वनी कुमार, संजीव सोढी, अजय कुमार, दीपक डढवाल, प्रदीप ठाकुर, राजीव कुमार ने सरकार से मांग की है कि लोगों को जल्द से जल्द राशन मुहैया कराएं। गगरेट सिविल सप्लाई कर्मचारी ने बताया कि गोदाम में चावल तो हैं, लेकिन तेल, दालें, चीनी की अभी पीछे से ही आपूर्ति नहीं हुई है।

राशन की कमी नहीं है: पाल
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक यादवेंद्र पाल ने कहा कि जिले के गोदामों में खाद्य पदार्थों की कमी नहीं है। ऐसा हो सकता है कि खेप कुछ कम आई हो, लेकिन इसे अगले कोटे में भी पूरा किया जा सकता है।

अंब के एसडीएम सुखदेव सिंह ने कहा कि डिपुओं में राशन न मिलने का मामला उनके संज्ञान में आया है। इस संबंध में जिला उपायुक्त को भी अवगत कराएंगे।

सीएम से उठाएंगे मामला: कुलदीप
चिंतपूर्णी के विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि राशन न मिलने पर लोगों की शिकायतें आई हैं। जल्द ही मुख्यमंत्री तक यह मामला पहुंचाकर सप्लाई सुनिश्चित करवाएंगे।

Related posts