
ऊना। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने सोमवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान कुछ डाक्टरों की लेटलतीफी और अव्यवस्थाओं का कड़ा संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें लताड़ भी लगाई। उन्होंने मामले के संदर्भ में कारण बताओ नोटिस भी जारी करने की बात कही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है और करोड़ों रुपये की लागत के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण यहां स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व निवेश क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश को देश में अव्वल आंका गया है, जो हर प्रदेशवासी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों को घरद्वार पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई जा रही हैं और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की कमी को दूर किया गया है। प्रदेश में चिकित्सकों की कैडर संख्या को 1598 से बढ़ाकर 1793 किया गया है और 142 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। चिकित्सा अधिकारियों व विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है। ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि प्रदेश के 1.5 लाख नए परिवारों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लाया गया है, जबकि दोलाख 35 हजार परिवार पहले से ही इस योजना में शामिल हैं। उन्होंने कहा प्रदेश के चिकित्सालयों में 424 जेनेरिक औषधियां निशुल्क प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। 108 राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा में 60 नए रोगी वाहन शामिल किए गए हैं। रोगी कल्याण समिति के तहत अनुबंध पर नियुक्त सभी चिकित्सकों को सरकारी अनुबंध में परिवर्तित करने का सरकार ने निर्णय लिया है। इस अवसर पर सीएमओ जीआर कौशल, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अविनाश कपिला, जिला प्रवक्ता विजय डोगरा, जिला कांग्रेस सचिव सतपाल रायजादा, कांग्रेस नेता विवेक शर्मा, विवेक मिंका, विजय आंगरा व संजीव ओहरी सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
