डांस के दिवानों ने बिखेरे जलवे

ऊना। ऊना मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में रविवार को डांस के दिवानों ने अपनी कला के जौहर दिखाए। डांस के सुपर स्टार कार्यक्रम के क्वार्टर फाइनल के लिए ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, नंगल एवं होशियापुर से पहुंचे 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। युवा शिव शक्ति क्लब की ओर से डांस के क्षेत्र में प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए आयोजित टैलेंट हंट कार्यक्रम जैटकिंग ‘डांस के सुपर स्टार’ के तहत रविवार को स्थानीय टाउन हाल में क्वार्टर फाइनल मुकाबला करवाया गया। इसका शुभारंभ गगरेट से अजय भारद्वाज, ऊना से हरिओम गुप्ता, मुनिद्र अरोड़ा, कुलविंद्र ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस कार्यक्रम में प्रैस क्लब ऊना मीड़िया पार्टनर के रूप में अपना सहयोग दे रहा है। इस कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में आशीष सहोता, शिपरा वालिया, डा. शकुंतला आर्य, खड़ग सिंह, कविता, प्रवीण, बाल कलाकार पीयूष, नितिश, पल्लवी भारद्वाज और प्रदीप रहे, जबकि मंच संचालक का कार्य बखूबी डा. सुभाष ने निभाया। इस कार्यक्रम में विशेष बच्चों शब्द एवं रक्षा ने अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया और इन्हें सीधे फाइनल में प्रवेश दिया गया। इस मौके पर पंजाब के लोक गायक शाम सरताज ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज करवाकर बच्चों का हौसला बढ़ाया। इस मुकाबले में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, इसमें से चयनित किए गए प्रतिभागियों की सूची सोमवार को जारी की जाएगी। डांस के सुपर स्टार कार्यक्रम के फाइनल को जीतने वाले दो प्रतिभागियों को एक टीवी चैनल के डांस शो ‘यह मस्ती यह धूम’ में सीधी एंट्री मिलेगी। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक पंकज कतना ने बताया कि चयनित प्रतिभागियों को लेकर फाइनल कार्यक्रम 14 जुलाई को ऊना में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चार जिलों में इस प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन लिए जा रहे हैं। पंकज ने बताया कि सात जुलाई को सेमीफाइनल रक्कड़ कालोनी के सुविधा फार्म में होगा। इस अवसर पर राजीव भनोट, कामरेड जगत राम, विनोद कुमार, नवदीप कश्यप, विशाल शर्मा, अमित शर्मा, राजन पुरी, सुधीर शर्मा, हरजिंद्र, संदीप, अक्षय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related posts