
बिलासपुर। जेटकिंग और युवा शिव शक्ति क्लब एवं जागरण कमेटी के टैलेंट हंट के जरिए डांसर बनने को कलाकारों में होड़ मच गई। रविवार को शहर में हुए आडिशन में बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। जिलाभर से आए करीब तीन दर्जन बच्चों ने सिंगल और ग्रुप डांस कर प्रदर्शन कर क्वाटर फाइनल में पहुंचने के लिए खूब पसीना बहाया। इनमें से 25 ने क्वाटर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
फिल्मी तरानों पर नन्हे कलाकारों ने जोरदार डांस पेश करते हुए धमाल मचा दिया। खास यह है कि प्रतियोगिता का फाइनल जीतने वाले को आयोजक बालीवुड में एंट्री के लिए भेजेंगे। इसके लिए पंजाबी कलाकार दलजीत सिंह ओर पूजा के साथ डील भी हुई है। प्रतियोगिता के संयोजक पंकज कतना ने बताया कि सुबह दस बजे शुरू हुए आडिशन में जिला के विभिन्न भागों से आए बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्वाटर फाइनल राउंड के लिए चयनित किए गए बच्चों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। आडिशन में भाग लेने आए रिया, अभिषेक, मिलाप, कार्तिक, रोहित सोनी, मृदुल, निमाली ठाकुर, मोनिका, अनमोल, वंशिका, सृष्टि, साक्षी, रिचा व ऋषभ सोनी ने बताया कि विभिन्न विधाओं में रुचि रखने वाले कलाकारों के लिए इस प्रकार का मंच काफी मायने रखता है। क्वाटर फाइनल राउंड ऊना में 30 जून को होगा। यहां से चयनित किए गए प्रतिभागी इस राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद यहां से चयनित होने वाले कलाकारों को सेमीफाइनल में प्रवेश मिलेगा। निर्णायक मंडल में पल्लवी द्विवेदी, नमिता चौधरी और प्रदीप कुमार शामिल थे।
