
कंडवाल/डमटाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना इंदौरा की चौकी डमटाल के तहत पुलिस ने नशीली दवा की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने 50 पेटी कोरेक्स (6 हजार बोतल) और दो पेटियां नशीले कैप्सूल (20 हजार प्रोक्सीवॉन कैप्सूल) मौके पर पकड़े। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक डमटाल पुलिस चौकी की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन में नशीली दवा की खेप जा रही है। इसके बाद पुलिस की टीम ने गाड़ी का पीछा करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक निवासी पठानकोट के डमटाल स्थित गोदाम में छापा मारा। वहां पर दवा की खेप उतारी जा रही थी। डीएसपी मनोज जोशी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने दवा की खेप पकड़ी है। फिलहाल पुलिस ने सारी खेप और गोदाम को सील कर दिया है। आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को सूचित कर दिया है। जोशी ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर की रिपोर्ट से यह पता चल सकेगा कि सील की गई दवाइयां सामान्य हैं या प्रतिबंधित। उनकी रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
