
भरवाईं (ऊना)। कांगड़ा पुलिस को चकमा देकर फरार हुए डकैती के आरोपी को ऊना पुलिस ने धर लिया। कांगड़ा पुलिस ने ऊना पुलिस को आरोपी के फरार होने की सूचना दी थी। जब ऊना पुलिस ने ऊना-मुबारिकपुर मार्ग पर स्थित एक वर्कशाप के पास आरोपी को दबोचने के लिए घेरा डाला तो आरोपी जंगल की ओर भाग गया। पुलिस भी आरोपी के पीछे दौड़ी और जंगल में उसे धर लिया। इसके बाद आरोपी को कांगड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
डीएसपी सागर चंद ने बताया कि कांगड़ा पुलिस द्वारा आरोपी अजय कु मार पुत्र नानक चंद निवासी चचैइया तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा को कोर्ट में पेश करने के लिए धर्मशाला से पालमपुर ले जाया गया था। जब यह पालमपुर से वापस धर्मशाला लौट रहे थे तो आरोपी लघुशंका के बहाने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध थाना भवारना कांगड़ा में अभियोग संख्या 88/13, भादसं की धारा 323, 341, 504, 506 में मामला पंजीकृत है। यह आरोपी अन्य अभियोगों में भी न्यायिक हिरासत में था। बीते दिन मुख्य आरक्षी संजय कु मार, आरक्षी संजीव कु मार निजी गाड़ी से गवाही के बाद अंब कोर्ट से चिंतपूर्णी थाना वापस जा रहे थे। पुलिस के मुखबिर ने इन्हें खबर दी कि उन्होंने जिला कांगड़ा पुलिस की हिरासत से भागे आरोपी को देखा है। मुबारिकपुर-ऊना रोड पर राणा वर्कशाप के पास वह खड़ा है। सूचना के मिलते ही मुख्य आरक्षी संजय कु मार और संजीव कु मार मौके पर पहुंचे। उन्हें देख आरोपी जंगल की ओर भाग गया। दोनों पुलिस कर्मियों ने जंगल में करीब 500 मीटर दूर जाकर उसे धर लिया और चिंतपूर्णी थाना में ले आए। उसे बाद में कांगड़ा जिले के देहर पुलिस थाना प्रभारी धर्मपाल और उनकी टीम के हवाले किया गया।
