
दौलतपुर चौक (ऊना)। गांव डंगोह में रविवार शाम दो युवकाे ने एक युवक को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर डाला। इससे युवक गंभीर घायल हो गया। उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। वारदात के बाद घायल युवक को दौलतपुर चौक स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन उसकी हालत अधिक नाजुक होने के चलते उसे तुरंत चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने भी केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार रोहित कुमार पुत्र पवन वासी डंगोह ने रविवार देर शाम किसी काम से बाहर जा रहा था। इसी दौरान उसी के गांव के दो युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रास्ते में घेर लिया। जब रोहित ने उक्त युवकों से रास्ता रोकने का कारण पूछा तो दोनों उस पर टूट पडे़ और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह गंभीर चोटें लगने के कारण जमीन पर गिर पड़ा, तब भी हमलावरों ने उसे पीटना बंद नहीं किया। शोर मचाने पर जब आसपास के लोग एकत्रित हुए, तब हमलावर फरार हो गए। डीएसपी अंब मदन लाल ने बताया कि घायल रोहित कुमार के बयानाें के आधार पर पुलिस ने दो युवकाें के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 504, 341 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
