डंगोली में युवक पर हमला

ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव डंगोली में वारदातों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात भी डंगोली में अज्ञात लोगों ने घर जा रहे एक युवक पर हमला कर दिया। युवक हमले में बाल-बाल बच गया और उसने शोर मचा दिया, जिससे एकत्रित हुए आसपास के सभी लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन उनके पहुंचने से पूर्व ही हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। मामले की सूचना एसएचओ सदर केएल बैरी को भी दी गई। एसएचओ केएल बैरी ने टीम सहित मौके पर पहुंच मुआयना किया।
वहीं वीरवार सुबह पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की धर पकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया। हालांकि अभियान में पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग पाया है, लेकिन डंगोली में हुई इस ताजा वारदात ने माहौल को एक बार फिर गर्म करते हुए लोगाें को ठीकरी पहरे देने के लिए विवश कर दिया है। वहीं पुलिस की ओर से भी दो जवानों को रात के समय गश्त पर डंगोली भेजा जा रहा है, लेकिन अब ग्रामीणों ने अपनों की सुरक्षा का खुद जिम्मा उठा लिया है। बुधवार देर रात भी अज्ञात हमलावरों ने इस वारदात के बाद गुरुद्वारा सहिब में दस्तक दी, जहां मौजूद प्रबंधकों को देखकर वे वहां से फरार हो गए। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस गहनता से मामले की छानबीन में जुट गई है। लोगों को हर हाल में सुरक्षित रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

Related posts