
मैहतपुर (ऊना)। रेलवे रोड मैहतपुर-संतोषगढ़ के समय सीमा के भीतर टूटने के लिए पीडब्ल्यूडी ने चार ठेकेदारों को नोटिस थमाए हैं। नोटिस में कहा है कि रोड की तुरंत मुरम्मत की जाए। लोक निर्माण विभाग के मैहतपुर उपमंडल में तैनात एसडीओ बीके सोनी ने खबर की पुष्टि की। संपर्क मार्ग की हालत दयनीय हो चुकी है। मार्ग में गड्ढे ही गड्ढे पड़े हैं। मार्ग तीन साल पहले भाजपा सरकार के समय बना है। इस पर पौने तीन करोड़ की लागत आई है। तय समय सीमा के भीतर मार्ग की मार्ग की टूटने की सारी जिम्मेवारी ठेकेदारों की रहती है। इस पर विभाग ने ठेकेदारों को नोटिस जारी कर मार्ग की हालत को सुधारने के लिए कहा है। मार्ग की दयनीय हालत पर लोगों ने भी सवाल उठाए हैं। कहा कि मार्ग में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया है, इसलिए मार्ग उखड़ गया। इसकी भी जांच की जानी चाहिए। लोक निर्माण विभाग ने हालांकि सड़क पर बने गड्ढों में मिट्टी डालकर लीपापोती जरूर कर दी है, लेकिन सड़क के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर लोगों ने सवालिया निशान लगा दिए हैं। शिवसेना के जिला संयोजक राजीव मैनन ने तो विभाग के आला अधिकारियों से सवाल उठाया है कि इस तरह की बड़ी रकम से बनने वाली संपर्क सड़कों की गुणवत्ता की गहनता से जांच होनी चाहिए। कहा कि क्या कारण है कि पौने तीन करोड़ से बनने वाला लिंक रोड तीन साल तक भी नहीं चल पा रहा है। रायपुर सहोड़ां के पूर्व प्रधान रोशन लाल, चढ़तगढ़ से मनोज कुमार, नंगड़ा से लखवीर सिंह, संतोषगढ़ से शिव किशोर, प्यारेलाल, बसदेहड़ा से प्रीतमचंद, वासुदेव, राजीव भारद्वाज समेत अनेक अन्य नागरिकों ने कहा कि लोग गड्ढों से परेशान हैं।
