ठियोग में दो हादसों में दो लोगों की मौत

ठियोग (शिमला)। यहां अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पहला हादसा सुबह साढ़े दस बजे कुठारनाला के पास हुआ। यहां एक जेसीबी पर पहाड़ी से अचानक मलबा गिर गया। भारी मात्रा में गिरे मलबे के नीचे जेसीबी पूरी तरह से दब और साथ ही इसको चला रहा आपरेटर भी दब गया। पता चलने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दबे युवक को निकाला। इससे पहले कि लोग उसे अस्पताल ले जाते, उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान ठियोग के सतोग गांव निवासी देवेंद्र सिंह (30) के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल ठियोग में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इसी तरह शाम करीब साढ़े पांच बजे लंबीधार के नजदीक शनिवार देव मंदिर के पास एक वाहन सड़क से करीब सौ मीटर की खाई में गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो जख्मी हुए हैं। मृतक की पहचान ठियोग के नाला गांव निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। डीएसपी सागर चंद ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो घायलों को शिमला रेफर किया गया है। यह गाड़ी शिमला से ठियोग की ओर आ रही थी। उन्होंने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसके बारे में छानबीन की हा रही है।

Related posts