ठठल में बैल के हमले मे किसान गंभीर

अंब (ऊना)। उपमंडल मुख्यालय के समीपवर्ती ठठल में सोमवार को खेतों में काम कर रहे एक किसान पर एक बैल ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। उसे गंभीर हालत में ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जिला में मवेशियों के हमले की दो दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व रविवार को जिले के फतेहपुर में घास काटने जा रही महिला पर एक जंगली सूअर ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था।
जानकारी के मुताबिक जमालदीन निवासी ठठल अपने खेत में काम कर रहा था। उसी वक्त एक बिगड़ैल बैल उसकी ओर दौड़ पड़ा। जब तक वह कुछ समझ पाता, बैल ने उसे उठाकर पटक दिया तथा कई बार अपने सींग से उसे चोट पहुंचाने की कोशिश की। जैसे तैसे जमालदीन ने अपने आप को बैल से बचाया। पास के खेत में काम कर रहे लोगों ने बैल को वहां से भगाया। उसके बाद जमालदीन को घायल अवस्था में खंड चिकित्सालय अंब ले जाया गया। लेकिन जमालदीन के कूल्हे में आए फ्रेक्चर की वजह से उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी अंब डा. एसके वर्मा ने बताया कि कूल्हे के फ्रेक्चर के अतिरिक्त जमालदीन के शरीर के और भी कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया है।

Related posts