ठगी मामले में डिस्ट्रीब्यूटर गिरफ्तार

अंब (ऊना)। डुप्लीकेट सिम लेकर 13 सितंबर को मोबाइल बैंकिंग के जरिए उपभोक्ता के खाते से 8.65 लाख रुपये उड़ाने के मामले में अंब पुलिस ने अंब स्थित सेलुलर कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर रितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। रितेश के खिलाफ भादसं की धारा 420 और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। रितेश को न्यायालय से एक दिन के पुलिस रिमांड पर रखने के भी आदेश हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुकुमार सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी बिलासपुर के सिम कार्ड ने अचानक 13 सितंबर को डेढ़ बजे काम करना बंद कर दिया। इसके चलते सुकुमार परेशान हुए और पूछताछ में लगे रहे। इसी बीच किसी व्यक्ति ने सुकुमार के पासपोर्ट की प्रति दिखाकर अंब से उसी नंबर का डुप्लीकेट सिम कार्ड इश्यू कराया और रुपये बैंक खाते से अलग-अलग तीन खातों में ट्रांसफर किए। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सुकु मार का तो पासपोर्ट बना ही नहीं है। पुलिस का कहना है कि जब पासपोर्ट ही नहीं है तो डिस्ट्रीब्यूटर ने पासपोर्ट की प्रति पर सिम जारी कैसे किया? गुम हुए सिम के संदर्भ में दर्ज एफआईआर की प्रति सिम कार्ड जारी करते समय क्यों नहीं मांगी गई? इस आधार पर पुलिस ने डिस्ट्रीब्यूटर रितेश को हिरासत में लेने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सुकुमार और रितेश की आपस में कोई रिश्तेदारी भी नहीं है। अतिरिक्त थाना प्रभारी नीतिश कुमार ने बताया कि रितेश के खिलाफ दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ जारी है। मामले में उन्होंने और गिरफ्तारियों के भी संकेत दिए हैं।

Related posts