
अल्मोड़ा। जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर में आयोजित चार दिवसीय स्काउट गाइड द्वितीय सोपान शिविर के समापन पर स्काउट गाइडों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर बहुरंगी छटा बिखेरी। प्रतिभागियों ने जहां कुमाऊंनी, गढ़वाली लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी, वहीं भजन और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वाहवाही बटोरी।
स्काउट प्रभारी तारा सिंह बिष्ट ने कहा कि स्काउट गाइड समाज सेवा करने का अच्छा माध्यम है। प्रधानाचार्य कलम सिंह दानू ने कहा कि अनुशासन में रहकर ही व्यक्ति को सफलता मिलती है। शिविर में स्काउट गाइडों को गांठ बंधन, हाइकिंग, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा आदि का प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर एड्स बीमारी के बारे में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता ही एड्स से बचाव का तरीका है। उन्होंने एड्स के लक्षण, बचाव के तरीके भी बताए।
शिविर में स्काउट गाइडों ने ठंडो रे ठंडो म्येरि पहाड़े कि हव्वा ठंडी पानी ठंडो… कुमाऊंनी गीत, देश भक्ति गीत ए हिंदुस्तान हमें जान से भी प्यारा है.. और छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना, राम जी के चरणों में सेवक हनुमाना.. भजन की शानदार प्रस्तुति देकर मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर केएस फर्त्याल, पीसी जोशी आदि मौजूद थे। शिविर में 45 स्काउट गाइडों ने भाग लिया।
