ट्रैक्टर खाई में गिरा, दो की मौत

भरमौर (चंबा)। चंबा-भरमौर मुख्य मार्ग पर खड़ामुख के पास शनिवार दोपहर बाद लाहल ढांक एक ट्रैक्टर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार शनिवार को ट्रैक्टर नंबर एचपी 46-1038 खड़ामुख में टनल के पास खड़ा था, वहां से सर्वे खड़का पुत्र मनबहादुर खड़का निवासी नेपाल उम्र 26 साल और राजू गुरंग पुत्र कालू बहादुर 23 साल सीमेंट लेकर खड़ामुख ढांक की तरफ जा रहे थे। रास्ते में लाहल ढांक के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर 150 फीट खाई में जा गिरा। इससे ट्रैक्टर में सवार दोनों की मौके पर मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी बीआर कमल, थाना प्रभारी ज्ञान चंद ठाकुर और पर्वतारोहण के कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे। जगह संकरी होने के चलते देर शाम तक ट्रैक्टर और ट्रैक्टर सवार दोनों लोगों का पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के टुकड़े-टुकड़े हो गए हैं और बुद्धिल नदी के बहाव भी तेज हो गया है। थाना प्रभारी ज्ञान चंद ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, उस स्थान पर खाई की ओर उतरने के लिए कोई रास्ता नहीं है। ट्रैक्टर सवार लोगों के शव निकालने के लिए गोताखोरों की मदद ली जा सकती है।

Related posts