
ऊना। जिला के सलोह निवासी 21 वर्षीय युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रेन में लूटे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक को ट्रेन से अचेत अवस्था में उठाकर क्षेत्रीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना शुक्रवार रात की है। शनिवार देर शाम युवक को होश आया। रेलवे पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार रजत साहनी पुत्र अशोक कुमार निवासी सलोह शुक्रवार देहरादून से नई दिल्ली होते हुए ऊना तक आने वाली जनशताब्दी रेलगाड़ी के माध्यम से घर आ रहा था। इसी दौरान ट्रेन में किसी ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। जबकि उसके बाद उनका सारा सामान लेकर मौके से फरार हो गया। ट्रेन के ऊना पहुंचने पर जब अन्य यात्रियों ने रजत को जगाने का प्रयास किया तो वह नहीं जागा। इस पर उन्होंने रेलवे के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने रजत को उठाकर क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया और उसका उपचार आरंभ करवाया। युवक के पास से कोई सामान बरामद नहीं हो पाया है। शनिवार देर शाम होश आने पर युवक ने बताया कि उसकी 5000 रुपये की नगदी, कपड़ों से भरा बैग और पैंट-कोट गायब है।
इस बारे में रेलवे पुलिस चौकी ऊना के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। छानबीन आरंभ कर दी गई है। युवक के होश में आने पर ही घटनाक्रम का कुछ खुलासा हो पाएगा।
