
मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर के एक अधेड़ को ऊना-दिल्ली-बरेली जाने वाली ट्रेन में चाय में कोई नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लिया गया। मैहतपुर के औद्योगिक क्षेत्र के उद्योग में कार्यरत कर्मचारी सत्य नारायण (58) को हिमाचल एक्सप्रेस में लूटा गया। सत्य नारायण शनिवार को ऊना बरेली जाने वाली ट्रेन में रायमैहतपुर रेलवे स्टेशन से टिकट लेकर उसमें सवार हुआ था। वह हरियाणा के रेवाड़ी जिले में अपने गांव के लिए जा रहा था। गाड़ी में चाय पीने के बाद वह बेहोश हुआ। होश आने पर उसने खुद को गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रेलवे स्टेशन पर पाया। परिजनों को आप-बीती सुनाते हुए सत्य नारायण ने बताया कि अंबाला स्टेशन पर गाड़ी में उसी डिब्बे में एक दंपति अपने दो बच्चों सहित ट्रेन में सवार हुआ, जो उसके बगल में आकर बैठ गए। आपसी बातचीत के दौरान दंपति ने उससे चाय पीने का आग्रह किया। चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसने अपने आप को दिल्ली से आगे गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर पाया। इस दौरान उसके पर्स में रखी सात हजार की नकदी, सोने की अंगूठी तथा मोबाइल फोन समेत कुछ अन्य कीमती सामान गायब था। उसकी बगल से वह दंपति भी नहीं था। सत्य नारायण ने रेलवे पुलिस को अपनी सारी आप-बीती सुनाई, तब वहां की पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। सत्य नारायण के परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका के चलते मैहतपुर पुलिस को सत्य नारायण के बीच रास्ते में ही कहीं गुम हो जाने की शिकायत भी कर रखी थी। हालांकि मैहतपुर पुलिस ने कहा कि सत्य नारायण के परिजनों ने उन्हें इत्तलाह देते हुए उसके दिल्ली से मिलने की बात कबूली है। चौकी प्रभारी प्रीतम जरयाल ने इस बात की पुष्टि की है।
