ट्रेन की चपेट में आया युवक

ऊना। जिला मुख्यालय के साथ सटे रक्कड़ कालोनी में एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नानक चंद पुत्र राम किशन निवासी जलग्रां टब्बा के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। उधर, रेलवे पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय नानक चंद निवासी जलग्रां टब्बा देर रात रक्कड़ में ट्रेन की चपेट आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह स्थानीय लोगों ने रेल ट्रक पर युवक का शव देखा। जिससे बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि मृतक युवक रक्कड़ के एक कालोनी क्षेत्र में बतौर चौकीदार काम करता था। रेलवे पुलिस के इंस्पेक्टर शफी मोहम्मद और रेलवे ऊना चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। युवक रात को ट्रैक पर क्या कर रहा था? इसका पता लगाया जा रहा है। अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।

Related posts