ट्रक यूनियन ने रोके उद्योगपतियों के वाहन

टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल में ट्रक यूनियन के कुछ पदाधिकारियों और सदस्यों ने माल से लदे तीन ट्रक रोक दिए। तीन दिन तक यूनियन ने इन ट्रकों को रोककर रखा। इस दौरान टाहलीवाल में विवाद बढ़ गया। इससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बताया जा रहा है कि रोके गए यह ट्रक उद्योगपतियों ने खुद खरीदे हैं। ट्रक यूनियन का तर्क था कि उद्योगपति माल ढुलाई के लिए यूनियन से ही ट्रक मंगवाए। यदि उद्योगपति अपने ट्रकों से ही माल ढुलाई करते रहे तो ट्रक आपरेटरों को परिवार का पेट पालना मुश्किल हो जाएगा। ट्रक यूनियन के लोगों क ा कहना था कि उद्योग संघ उनके पेट पर लात मारने का प्रयास न करे। ट्रक रोके जाने की सूचना मिलते ही पुलिस भी टाहलीवाल गई। एसएचओ महेंद्र सिंह भी स्वयं मौके पर गए थे। एसएचओ ने कहा कि दोनों पक्षों से बातचीत हुई है। दोनों पक्षों ने आपस में मिल बैठकर मसले को हल करने का आश्वासन दिया है। उधर, ट्रक यूनियन के प्रधान सतीश बिट्टू ने कहा कि उद्योगपतियों से ट्रक यूनियन की बातचीत चल रही है। मामले को सुलझा लिया जाएगा।

Related posts