ट्रक यूनियन का विरोध में उतरी बरान पंचायत

पतलीकूहल (कुल्लू)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर बरान पंचायत के 18 मील में बन रहे ट्रक यूनियन के दफ्तर एवं पार्किंग का स्थानीय पंचायत ने विरोध किया है। दो दिन पहले वीरवार को स्थानीय विधायक गोविंद ठाकुर ने ट्रक यूनियन के भवन का शिलान्यास किया था। लेकिन निमंत्रण के बावजूद स्थानीय पंचायत प्रधान ने इसका बहिष्कार किया था।
पंचायत प्रधान सीमा भारद्वाज और पूर्व प्रधान पन्ना लाल ने कहा कि ट्रक यूनियन ने दिखावे के लिए बेशक तीन बीघा निजी जमीन खरीदी है, लेकिन यूनियन के पास इतने ट्रक हैं कि वे उनकी पार्किंग तीन बीघा भूमि में हो पाना असंभव है। इन्हें बाद में सड़क किनारे खड़े किए जाने की आशंका है। इतना ही नहीं यूनियन की निर्माणाधीन पार्किंग के आसपास वन विभाग की भूमि भी है। बाद में इस भूमि पर पेड़ों की कीमत पर पार्किंग किए जाने की आशंका भी जताई है। पंचायत का कहना है कि ट्रक यूनियन ने इस सिलसिले में स्थानीय पंचायत को न तो विश्वास में लिया और न ही एनओसी लेने की जरूरत समझी। पंचायत प्रधान सीमा भारद्वाज ने बताया कि इस मसले को स्थानीय विधायक के समक्ष भी उठाया है। कहा कि ट्रक यूनियन यदि क्षेत्र में ट्रकों को वन भूमि या सड़कों पर पार्क करेगी तो पंचायत सड़क पर उतर कर इसका विरोध करेगी। वहीं ट्रक यूनियन के अध्यक्ष होमिंद्र महंत का कहना है कि वे खरीदी गई भूमि पर ही निर्माण और पार्किंग बना रहे हैं।

Related posts