ट्रक में लदे माल का किया गोलमाल

गगरेट (ऊना)। गगरेट से ट्रक में लादे गए लाखों रुपये के माल का ट्रक चालक ने गोलमाल कर दिया है। मद्रास के लिए लादे गए लाखों रुपये के माल के अलावा करीब दस लाख रुपये कीमत के ट्रक ट्राले का भी कोई अता पता नहीं है। चालक पर अमानत में खयानत का भी आरोप लगाया गया है। ट्रक मालिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 406 और 420 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। ट्रक में लदे माल और ट्रक की बरामदगी तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार थाना गगरेट के अधीन पुलिस चौकी दौलतपुर में संदीप कु मार निवासी पंजावर ने शिकायत दर्ज करवाई कि उन्होंने अपने ट्रक ट्राले में एक माह पूर्व मनजीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी लोहिया चौक होशियारपुर को बतौर चालक रखा था। 27 दिन पहले उन्होंने अपने ट्राले में गगरेट से माल लोड करवाया और इसे मद्रास भेजा था। चालक के पास अतिरिक्त खर्च के लिए 50 हजार रुपये नकद और दे दिए। काफी दिनों तक जब वह चालक ट्रक लेकर वापस नहीं आया तो उन्होंने उसे फोन किया। जब उससे पूछा कि वह कहां है तो चालक गाली गलौच करने लगा। इसके बाद चालक ने फ ोन काल्स रिसीव करना बंद कर दिया। आज तक संदीप कुमार को पता नहीं चल पाया है कि उनका ट्रक कहां है और उसमें लदे माल का क्या हुआ। संदीप ने पुलिस को बताया कि उनके ट्रक की कीमत 10 लाख रुपये है। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि हो सकता है चालक उनके ट्रक का कहीं दुरुपयोग कर रहा हो। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं चालक और ट्रक मालिक के बीच कोई लेन देन तो नहीं है। हो सकता है इसी वजह से चालक वापस न आ रहा हो। ऊना के एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच होगी।

Related posts