
ऊना। जिला मुख्यालय के रेड लाइट चौक के पास एक महिला को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचा दिया है, जबकि घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। हादसे के बाद काफी देर तक ऊना में जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय राधा रानी पत्नी रणजीत सिंह निवासी टक्का रोड ऊना सोमवार देर सायं बाजार में कुछ खरीदारी करने आई थी। इसी दौरान वह पास के एक मेडिकल स्टोर से दवाई लेकर सड़क पर निकली ही थी कि वह ट्रक नंबर एचपी 11ए 1499 की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के पति रणजीत सिंह मंडी में किसी काम से गए हुए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर एकत्रित लोगों में से किसी ने मृतका की शिनाख्त की। उधर, ऊना के यातायात पुलिस प्रभारी मनजीत सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंच कर महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। एसपी अनुपम शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
