
नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके में शनिवार रात ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार दिल्ली पुलिस का ट्रेनी एसीपी जख्मी हो गया, जबकि उसके दोस्त की मौत हो गई। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से जयपुर निवासी देवेश कुमार (28) गजटेड ऑफिसर्स मेस कोतवाली में रहते हैं। वह सीलमपुर इलाके में बतौर ट्रेनी एसीपी तैनात हैं। शनिवार रात को देवेश मुखर्जी नगर में रहने वाले अपने दोस्त चूरू (राजस्थान) निवासी करमवीर (26) के पास गए थे। दोनों सरकारी पल्सर मोटरसाइकिल से करीब 11:15 बजे मुखर्जी नगर से कोतवाली के लिए लौट रहे थे। कश्मीरी बस अड्डे के पास नेपाली पार्क के पास मोड़ पर पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों गिर गए। करमवीर जब तक संभल पाता, वह ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सब्जी मंडी मोर्चरी भेज दिया, जबकि देवेश को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस देवेश के बयान पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश कर रही है।
वर्ष 2010 में हुई थी दोनों की जान पहचान
आंखों के सामने दोस्त की मौत का मंजर देखकर देवेश की आंखें पथरा गई हैं। घटना के बाद से वह किसी से कोई बातचीत नहीं कर रहे हैं। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया कि करमवीर से उनकी दोस्ती वर्ष 2010 में आईआईटी खड़गपुर में हुई थी। दोनों ने एक ही साथ पीएचडी की है। उसके बाद दोनों सिविल सर्विस की तैयारी के लिए दिल्ली आ गए। वर्ष 2012 में देवेश का आईपीएस में सलेक्शन हो गया, जबकि करमवीर मुखर्जी नगर में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था। देवेश अपने दोस्त को भी आईपीएस बनते देखना चाहते थे। इसके लिए वे उसकी हरसंभव मदद कर रहे थे।
