
भोरंज (हमीरपुर)। तीन शातिरों ने सुलगवान के पास ट्रक को रोककर चालक से 40 हजार लूट लिए। विरोध करने पर शातिरों ने चालक को बेरहमी से धुन डाला। चालक को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने चालक की शिकायत पर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। ट्रक चालक रमेश कुमार पुत्र भाग सिंह मंडी के सरकाघाट के पन्याली गांव का रहने वाला है। लूटमार के बाद शातिर मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने इन्हें पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया है। चालक के साथ परिचालक सतीश कुमार निवासी बड़थू चंदरूही (हमीरपुर) भी था। युवकों ने उसे डराकर भगा दिया था। परिचालक ने थोड़ी दूर जाकर ट्रक मालिक को फोन पर घटना की सूचना दी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रमेश कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपना ट्रक लेकर चंदरूही से बरमाणा जा रहा था। सुलगवान के पास अचानक फिल्मी अंदाज में मारुति कार ने ट्रक के आगे ब्रेक लगाई। कार में तीन युवक सवार थे। एक युवक बाहर निकला और ट्रक की खिड़की खोलने के बाद उसे नीचे घसीट लिया। उसने विरोध किया तो दो अन्य युवक भी वहां आ गए और उसे घेर लिया। तीनों ने बेरहमी से उसकी धुनाई शुरू कर दी। किसी तरह वह जान बचाने के लिए नजदीक की दुकान की तरफ भागा। तीनों युवकों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और फिर से पकड़कर पिटाई कर डाली। इसी बीच चालीस हजार की नकदी भी छीन ली। शोर सुनकर लोग भी मौके की तरफ दौड़े। मामला बिगड़ता देख तीनों शातिर वहां से फरार हो गए। मारपीट के दौरान चालक को सिर, पीठ और बाजू में चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित के बयान ले लिए हैं और शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। तीनों आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होंगे।
