
ट्यूनिश: ट्यूनिशिया के दक्षिणी शहर गेबेस में कल 49 कैदी जेल से भाग निकले। सरकारी रेडियो पर प्रसारित रिपोर्ट में बताया गया है कि राजधानी ट्यूनिश से करीब 500 किलोमीटर दूर गेबेस स्थित जेल से 49 कैदी फरार हो गए। जेल ब्रेक के दौरान कैदियों के हमले में तीन जेल प्रहरी घायल हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फरार कैदियों में से 35 को फिर पकड़ लिया गया है।
घटना के जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि तत्कालीन राष्ट्रपति जिने अल अबिदिने बेन अली के जनवरी 2011 में अपदस्थ होने के बाद देश की लचर सुरक्षा व्यवस्था का लाभ उठाते हुए अब तक नौ हजार से अधिक कैदी विभिन्न जेलों से फरार हो चुके हैं। सुरक्षा विश्लेषकों का मानना है कि जेल ब्रेक की घटनाओं की मुख्य वजह जेलों की दुर्दशा और क्षमता से अधिक कैदियों को वहां रखा जाना है।
