टौणीदेवी मेले में खूब उमड़ा लोगों का सैलाब

टौणीदेवी (हमीरपुर)। मां टौणीदेवी के आंचल में सजने वाले मेले में काफी संख्या में लोगों ने शिरकत की। बच्चों, बड़ों, बुजुर्गों, महिलाओं ने मेले का खूब आनंद उठाया। पुलिस की मुस्तैदी से इस बार जाम की समस्या देखने को नहीं मिली।
टौणीदेवी माता की याद में हर वर्ष मेले का आयोजन होता है। रविवार को छुट्टी के दिन मेले का आयोजन हुआ जिसका विधिवत शुभारंभ मंदिर कमेटी टौणीदेवी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ की आहुतियों से किया। इसमें मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ ही बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुआें ने भी भाग लिया। ढोल नगाड़ों की थाप से मंदिर परिसर, बाजार गूंज उठा। मेले में स्थानीय दुकानदाराें के साथ ही बाहरी दुकानदारों ने दो दिन पहले ही दुकानें सजा ली थी। मेले की दुकानों में खिलौनों के साथ ही चने भटूरे की दुकानें ग्राहकों से पूरी तरह से भरी रही।
महिलाओं की भागेदारी मेले में सबसे अधिक रही। झूले के पालने में झूलने वालों की भीड़ भी काफी संख्या में उमड़ी। मेले में पुलिस के बेहतर इंतजामों से लोगों के साथ ही दुकानदारों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। यातायात को पूरी तरह से वाया सिसवां-स्वाहलवा मार्ग से होकर शिफ्ट कर दिया गया था जिससे एनएच पर बाजार के सिंगल होने से जाम की समस्या पेश नहीं आई, अन्यथा दुकानें लगाने की परेशानी होती थी तथा घंटों जाम लगने से मेले का लुत्फ उठाने के लिए आने वाले लोगों का मजा किरकिरा हो जाता था। महिलाओं की सुरक्षा के लिए खास बंदोबस्त किया गया था। लगभग आधा दर्जन महिला पुलिस कर्मी तैनात की गई थीं।
टौणीदेवी मंदिर में माता के दर्शनों के लिए दिन भर लंबी कतार लगी रही। मंदिर में यज्ञ के दौरान मंदिर कमेटी के प्रधान धर्म सिंह, महामंत्री मस्तराम, दिले राम, मलकीयत सिंह, अमरनाथ, सरवण सिंह, तिलक राज, मदन लाल, रविंद्र ठाकुर, अजय चौहान, राजीव चौहान, मनोहर शर्मा, अरुण सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related posts