
टौणीदेवी (हमीरपुर)। टौणीदेवी तहसील में दो माह से कोई तहसीलदार न होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन प्रशासन, सरकार गंभीरता से कोई ध्यान नहीं दे पाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही तहसीलदार की स्थायी नियुक्ति न की गई तो आंदोलन करने पर मजबूर होना पडे़गा।
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होते ही टौणीदेवी के तहसीलदार को तबदील कर धर्मशाला भेज दिया गया था लेकिन अभी तक नए तहसीलदार की तैनाती के आदेश नहीं हो पाए है। अन्य स्थानों पर तैनात अधिकारियों को कार्य निपटाने की जिम्मेवारी सौंपी गई है लेकिन इससे भी नियमित रूप से तहसील का काम नहीं चल पा रहा है। इससे ग्रामीणों की कठिनाइयां निरंतर बढ़ रही है।
ग्रामीणों राम सिंह, मीरां देवी, राजकुमार, विनोद कुमार, महेंद्र सिंह, राजीव व सुरेश सहित अन्य ने बताया कि टौणीदेवी में राजस्व कार्य निपटाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है, शायद हजारों लोगों की सुविधा का कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर टौणीदेवी में जल्द स्थायी तहसीलदार की नियुक्ति न की गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पडे़गा तथा इसकी पूरी जिम्मेवारी सरकार की होगी। नायब तहसीलदार का पद न होने से भी समस्या ज्यादा बढ़ गई है। हमीरपुर के तहसीलदार हीरा सिंह ठाकुर का कहना है कि टौणीदेवी का अतिरिक्त कार्यभार मिला है, जिसके लिए वह समय-समय पर टौणीदेवी जाकर राजस्व कार्यों को निपटा रहे हैं।
इस संबंध में सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा का कहना है कि समस्या उनके ध्यान में है तथा इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को लिखा गया है। समस्या का समाधान जल्द ही कर दिया जाएगा जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पडे़।
