टौणीदेवी में आधार केंद्र पर लटका ताला

टौणीदेवी (हमीरपुर)। आधार केंद्र टौणीदेवी पर कार्यरत कर्मियों ने सेंटर पर ताला लगा दिया है। तीन माह से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक तंगी में हैं, लेकिन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
टौणीदेवी विकास खंड कार्यालय परिसर में आधार कार्ड बनाने का कार्य चल रहा था। बुधवार को अचानक आधार केंद्र पर ताला लटकने से लोग परेशान हो गए। आधार कार्ड कर्मियों का कहना है कि पिछले तीन माह से उन्हें वेतन प्रदान नहीं किया जा रहा है। जिस कारण थक हार कर यह फैसला लिया। उनके पास कोई और चारा नहीं था। तीन माह से वेतन न मिलने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आधार कर्मी कंपनी और प्रशासन को समस्या बता चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया है। इसके चलते बुधवार से आधार कार्ड केंद्र को बंद कर दिया गया।
आधार कार्ड बनवाने के लिए पहुंचे ग्रामीणों मुकेश कुमार, देश राज, रमेश चंद, कुसुम, राजीव सहित अन्य ने बताया कि वह आधार कार्ड बनाने के लिए पहुंचे थे लेकिन केंद्र पर ताला होने के कारण बैरंग वापिस लौटना पड़ा। आधार कार्ड बनवाने के लिए आए थे लेकिन मायूसी का सामना करना पड़ा। आधार केंद्र टौणीदेवी के सुपरवाइजर सुनील कुमार का कहना है कि कंपनी की ओर से वेतन न मिलने के कारण टौणीदेवी में भी पूर्णतया कार्य बंद कर दिया गया है। आधार कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार से फंड मिलने के बाद ही कंपनी आधार कर्मियों की सैलरी खाते में डालती है। जब तक सैलरी प्रदान नहीं की जाती, तब तक कार्य बंद रखा जाएगा।

Related posts