
अंब (ऊना)। क्षेत्र के मुबारिकपुर-चिंतपूर्णी मार्ग पर एक तेज रफ्तार टैंपो ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को रौंद डाला। हादसे में छह श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें नजदीकी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक होशियारपुर निवासी हरमेश, पम्मी, मंजू, साक्षी, जयदीप, कालूराम, मंगत एवं अन्य श्रद्धालु पैदल माता चिंतपूर्णी के दर्शनों को जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक श्रद्धालुओं से भरे टैंपो संख्या पीबी 12 जी 2319 ने सामने से आ रही एक बस से बचते-बचते पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें 48 वर्षीय हरमेश के साथ पम्मी, मंजू, साक्षी, जयदीप, कालू राम, मंगत जख्मी हो गए। धर्मशाला महंता स्थित चिकित्सालय में उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इलाज के उन्हें छुट्टी दे दी गई। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब सागर चंद्र ने बताया कि श्रद्धालुओं में समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया।
