टैक्सी स्टैंड न मिलने पर भड़के आपरेटर

कुल्लू। उपमंडल बंजार में टैक्सी चालकों के लिए कोई स्थायी टैक्सी स्टैंड न होने के कारण ऑपरेटरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से जूझ रहे टैक्सी आपरेटरों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को आड़े हाथ लिया है। वहीं, धमकी दी है कि यदि जल्द टैक्सी स्टैंड की मांग को पूरा नहीं किया गया तो वे आंदोलन पर उतरेंगे।
सराज टैक्सी यूनियन बंजार के अध्यक्ष भगवान दास तथा उपाध्यक्ष चेत राम ने बताया कि वर्तमान सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया था लेकिन सरकार बनने के दस माह बीत जाने के बावजूद उन्हें टैक्सी स्टैंड नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि उन्हें बंजार बस अड्डा के भीतर अपनी गाड़ियां खड़ी करनी पड़ रही हैं। वहां गाड़ी खड़ी करने की एवज में उन्हें रोजाना बीस रुपये की पर्ची कटवानी पड़ रही है। टैक्सी चालक सोमू, सुरेश जीवन, हीरा, हरनाम, देवी सिंह, कमलेश राही, चेत राम, सुंदर, फतेह चंद, महेश, अजु, चंद्र पाल, टिकम, टेकराम, हंसू, लोत राम, विजय, दलीप चंद, राजू, शालू, तारा, पवन और देवराज ने कहा कि सर्दी के मौसम में पहले ही ज्यादातर टैक्सियां खड़ी रहती हैं और उन्हें रोजाना बीस रुपये की पर्ची कटवानी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से एक स्थायी अड्डा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रशासन और सरकार के विरोध में सड़क पर उतरेंगे। एसडीएम बंजार वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि टैक्सी यूनियन के लिए बंजार में जगह तलाश की जा रही है और जल्द उन्हें वहां टैक्सी स्टैंड दिया जाएगा।

Related posts