
हमीरपुर। सदर थाना के अंतर्गत दयोट में करीब आधा दर्जन युवकों ने एक ट्रैक्टर चालक की डंडों से पिटाई कर दी। ग्रामीणों की मदद से तीन लोगों को पकड़ लिया गया है। अन्य भागने में कामयाब हो गए। पुलिस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची। केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार राहुल मिश्रा पुत्र तिलक राज मिश्रा निवासी दयोट, ताल ने शिकायत दर्ज करवाई कि वीरवार शाम करीब 8 बजे ताल से ट्रैक्टर लेकर घर आया। खाना खाने के बाद 9.30 बजे माता पिता के साथ बैठा था। बाहर से किसी ने आवाज लगाई। आवाज सुनकर उसके पिता बाहर निकले तो देखा कि बाहर तीन लोग आंगन में खड़े थे। इनमें से दो व्यक्ति बरामदे में आए। कहा कि उनका ट्रक फंस गया है, इसलिए ट्रैक्टर की मदद मांगी। जैसे ही वह चाबी लेकर बाहर की तरफ निकला तो तीनों व्यक्तियों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। उसी समय दो-तीन व्यक्ति सड़क की तरफ से दौड़ते हुए बरामदे में आए। डंडों से उस पर प्रहार कर दिया। पिता-माता ने शोर मचाया तो 2-3 व्यक्ति मौका से भाग गए। शोर मचाने पर नजदीक के गांववासियों ने तीन व्यक्तियों को पकड़ लिया। सभी ने शराब पी रखी थी। उनकी पहचान रविंद्र कुमार, विनीत कुमार, सूरज सिंह उर्फ लक्की निवासी कैहरवीं के रूप में हुई है। मारपीट से शरीर पर चोटें आई हैं। उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान ट्रैक्टर की बिजाई की कमाई के 45,000 रुपये गुम हो गए हैं। एसपी वीना भारती ने खबर की पुष्टि की। कहा कि केस दर्ज कर लिया है।
