टैंपो के नीचे कुचली बच्ची, मौत

बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के ननावीं में पेश आए दर्दनाक सड़क हादसे में साढ़े तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है, जबकि मामले के संदर्भ में टैंपो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात आरंभ कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ननावीं निवासी साढ़े तीन वर्षीय बच्ची जैस्मिन पुत्री ताज मोहम्मद खेलते-खेलते घर से बाहर ऊना-हमीरपुर मुख्य सड़क में आ गई। इस दौरान हमीरपुर से ऊना आ रहे टैंपो नंबर एचपी 28 6146 ने उसे कुचल दिया। हादसे में बच्ची का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत बंगाणा स्थित सीएचसी ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। बच्ची के पिता सेना में कार्यरत हैं, जो इन दिनों पंजाब के जालंधर में तैनात हैं। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में टैंपो चालक पवन कुमार पुत्र सुच्चा सिंह निवासी बौल, खुरवाईं जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। टैंपो चालक हमीरपुर में सब्जी छोड़ कर वापस ऊना आ रहा था।

Related posts