
आनी (कुल्लू)। जलोड़ी क्षेत्र के कोटनाला के निकट शुक्रवार देर रात एक टाटा 407 गहरी खाई में गिरने से एक की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दूसरा घायल हो गया है। हादसे के समय टेंपो में दो ही लोग स्वार थे। सूचना मिलने पर घायल को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से आनी अस्पताल पहुंचाया गया।
डीएसपी आनी सुनील नेगी ने बताया कि एक टाटा 407 टेंपो एचपी 06 ए 2210 कुल्लू से आनी आ रहा था, जो बीती रात यहां कोटनाला के समीप दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में खुन्न पंचायत के ढमार निवासी 37 वर्षीय भगवान दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कमांद पंचायत का बढाली निवासी मालिक एवं चालक 26 वर्षीय मस्तराम गंभीर रूप से घायल हुआ है। यह रात भर जख्मी हालत में नाले में पड़े रहे। सुबह चालक ने जोर-जोर से सीटियां बजा कर मद्द की गुहार लगाई, इस पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा 108 के लिए सूचित किया। घायल चालक आनी अस्पताल में भर्ती है। जबकि हादसे में मारे गए भगवान दास का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
