टेंपो की टक्कर से दो बाइक सवार घायल

नादौन (हमीरपुर)। नादौन-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौली नामक स्थान पर एक टेंपो की टक्कर में दो बाइक सवार घायल हो गए। घायलों को नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टीएमसी रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना में घायल बाइक चालक कमलजीत पुत्र भगत राम निवासी पनोह ऊना ने बताया कि हमीरपुर के झनियारी में अपना कार्य समाप्त करके अपनी पत्नी के भाई सुमन कुमार के साथ नादौन होकर अंब की ओर जा रहे थे कि चौली के निकट नादौन की ओर आ रहे सब्जी से भरे एक टेंपो ने तीखे मोड़ पर टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। कमलजीत ने बताया कि मौके पर पहुंची रक्कड़ पुलिस ने नादौन अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में कमलजीत की टांग तथा बाजू पर गहरे घाव हुए हैं, जबकि सुमन कुमार के कंधे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। डॉ. बीएस राणा ने बताया कि दोनों की गंभीर चोटों को देखते हुए टांडा रेफर कर दिया गया है। पुलिस के जांच अधिकारी चंद्र हंस तथा विरेंद्र कुमार ने बताया कि कालेश्वर से एक केस के सिलसिले में वापिस रक्कड़ जा रहे थे तो दोनों सवार सड़क पर घायल अवस्था में मिले। तुरंत एंबुलेंस बुला कर नादौन अस्पताल में भर्ती करवाया।

पागल कुत्ते के हमले में महिला घायल
नादौन (हमीरपुर)। नादौन के साथ सटे बेला गांव में एक महिला को एक पागल कुत्ते ने हमला करके घायल कर दिया। पीड़िता सलोचना देवी पत्नी गुरबचन निवासी बेला ने बताया कि शाम के समय पानी भरने के लिए घर के नजदीक हैंडपंप पर जा रही थी तो एक पागल कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके दोनों पैरों पर काट कर जख्म कर दिए हैं। लोगों ने बताया कि बड़ी मुश्किल से कुत्ते के चंगुल से महिला को बचाया गया। घायल महिला को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला का उपचार चल रहा है।

Related posts