
सुन्नी (शिमला)। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पटुखर में 18 से 21 जून तक आयोजित बसंतपुर ब्लॉक की खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने गए ओगली स्कूल के एक 13 वर्षीय सातवीं कक्षा के छात्र की उल्टी-दस्त के कारण मौत हो गई। छात्र को सुन्नी में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी लाया जा रहा था, जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। आईजीएमसी में चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित कर दिया। खेल प्रभारी नंद लाल शर्मा और ओगली स्कूल के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने बताया कि कुश्मिंद्र सातवीं कक्षा का छात्र था, जो सांस्कृतिक प्रतियोगिता में स्कूल की टीम में शामिल था। वीरवार मध्य रात्रि अचानक इसके पेट में दर्द उठा और उसे उल्टी-दस्त शुरू हो गए। इस पर खेल प्रभारी ने स्कूल के शिक्षक के साथ मिलकर इसे उपचार के लिए सुन्नी अस्पताल पहुंचाया। यहां इसे प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। नालदेहरा में स्वास्थ्य केंद्र में इसे चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी और स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि खाने में कोई कमी नहीं थी, चूंकि अन्य छात्रों को ऐसी कोई समस्या पेश नहीं आई। छात्र के पिता मेहर चंद पर्यटन विभाग में नालदेहरा में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि शुक्र वार सुबह बच्चे के बीमार होने की सूचना मिली, जिस पर वह सुन्नी में बच्चे के पास पहुंचे। यहां उसे ड्रिप लगाया गया था, लेकिन शिमला रेफर करने आईजीएमसी ले जाते हुए उसकी मौत हो गई। उपनिदेशक एलीमेंटरी टीसी वर्मा ने बताया कि मामले की सूचना उन्हें मिल गई थी। बच्चे को अस्पताल पहुंचाकर परिजनों को बुला लिया गया था। बच्चे को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। बच्चे की मृत्यु के बाद खेल प्रभारी व संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य को शव को उसके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करवाने के आदेश दे दिए गए थे।
