टुल्लू पंप लगाने पर उपभोक्ताओं को नोटिस

नाहन (सिरमौर)। पीने के पानी को मची हाहाकार को देखते हुए सिंचाई एंव जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में खलबली मची हुई है। शहर के कई हिस्सों में पीने का पानी सुचारु तथा पर्याप्त मात्रा में लोगों को नहीं मिल रहा। विभाग दावा ठोक कर कह रहा है कि पीने के पानी में आ रही कमी को लेकर शहर के कुछ उपभोक्ता ही जिम्मेदार हैं। इन उपभोक्ताओं ने अपने निजी कनेक्शनों को सीधे तौर पर मशीनों तथा टुल्लू पंपों से जोड़ दिया है। इसे लेकर विभाग सख्त कार्रवाई करने की योजना बना रहा है।
सोमवार को आईपीएच विभाग नाहन के सहायक अभियंता संतोष ठाकुर ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि पीने के पानी में आ रही दिक्कत के चलते विभाग आवश्यक कार्रवाई करने का मन बना रहा है। एसडीओ ने बताया कि शहर भर के ऐसे पेयजल उपभोक्ताओं को 3 दिन का अल्टीमेटम दे दिया गया है।
आईपीएच विभाग के अनुसार जिन उपभोक्ताओं ने अपने निजी कनेक्शनों से सीधे तौर पर टुल्लू पंपों को जोड़ा हुआ है उनके पानी के कनेक्शन 3 दिन के जारी अल्टीमेटम के बाद सीधा काट दिए जाएंगे। शहर भर में इस पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की सहायता भी ली जाएगी।
उधर आईपीएच विभाग नाहन स्थित अधीशासी अभियंता संजीव शर्मा ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। कुछ उपभोक्ता टुल्लू पंप की सहायता से अवैध ढंग से पानी का प्रयोग कर रहे हैं। विभाग ने इन उपभोक्ताओं को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है। बाद में ऐसे उपभोक्ताओं के पानी कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

Related posts