
नई दिल्ली। स्पेशल सेल ने टुंडा के पास से एक मोबाइल फोन व तीन पासपोर्ट बरामद किए हैं। आतंकी के पास भारत के अलावा बांग्लादेश और पाकिस्तान के पासपोर्ट हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में सऊदी अरब, दुबई, पाकिस्तान, बांग्लादेश और भारत के 150 से ज्यादा नंबर मिले हैं। इनमें से भारत के 30 से ज्यादा नंबर संदिग्ध हैं, जो कई राज्यों के हैं। जांच में पता चला है कि कुछ नंबर फर्जी आईडी पर लिए गए हैं। स्पेशल सेल के अधिकारियों का कहना है कि ये नंबर टुंडा की गिरफ्तारी के बाद से बंद आ रहे हैं। अधिकारी मान रहे हैं कि ये लश्कर के आतंकी और टुंडा के साथियों के हो सकते हैं। पश्चिम बंगाल से आतंकी मो. अलाउद्दीन की गिरफ्तारी पुलिस के इस संदेह को मजबूत करती है। पुलिस इन मोबाइलों की डिटेल खंगाल रही है। वहीं, विदेशी नंबरों की डिटेल के लिए सेंट्रल एजेंसियों की मदद मांगी गई है। टुंडा के मोबाइल को स्कैनिंग के लिए सीबीआई की लैब में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल से लश्कर के आतंकियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं।
सामने आया नए आतंकी का नाम
उधर, टुंडा से पूछताछ के बाद लश्कर के बड़े आतंकी अब्दुल सालम बटकी का नाम पहली बार सामने आया है। देश की सुरक्षा एजेंसियों के पास इस आतंकी का नाम नहीं था। टुंडा ने बताया कि अब्दुल सालम लश्कर का बहुत ही महत्वपूर्ण व्यक्ति है और संगठन का वैचारिक गुरू है।
चेकअप के दौरान ही हो गई तबीयत खराब
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात को चेकअप के दौरान ही उसकी तबीयत खराब हो गई और वह बेंच पर लेट गया था। चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे फिट घोषित कर दिया था। रात करीब साढ़े ग्यारह उसकी तबीयत फिर खराब हो गई थी।
उम्र को देखते हुए की जा रही पूछताछ
विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि टुंडा की उम्र को देखते हुए ही पूछताछ की जा रही है। उससे एसी वाले कमरे में दो से तीन घंटे पूछताछ की जाती है। टुंडा को पेट की बीमारी है, इस कारण वह थका-थका सा रहता है। हालांकि, स्पेशल सेल उसका रोज मेडिकल चेकअप करवाती है और उसे दवा भी दी जाती है।
