
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के टीहरा गांव में आगजनी की घटना से पशुशाला एवं रिहायशी मकान का एक कमरा जल गया। इस घटना में तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पंचायत उपप्रधान टीहरा अजय कुमार ने इसकी सूचना बंगाणा थाने में दे दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार टीहरा गांव के जगत राम की पशुशाला में सोमवार सुबह अचानक आग की तेज लपटें दिखाई दीं। आग की ये लपटें इतनी भयानक हो गईं कि परिवार के सदस्यों के शोर मचाने से लेकर लोगों के इकट्ठा होते होते रिहायशी मकान का एक कमरा आग ने पूरी तरह जला कर राख कर दिया। आग लगने से कोई व्यक्ति या मवेशी घायल नहीं हुआ, लेकिन इस आग से पशुशाला में रखी इमारती लकड़ी, कमरे में रखे बिस्तर, कपड़े, पानी की टंकी, पाइपें एवं फर्नीचर आदि जलकर राख हो गए हैं। यह पशुशाला एवं मकान टीनपोश थे। मकान के शेष कमरों को पड़ोसियों की सहायता से बचा लिया गया। राजस्व विभाग के पटवारी ने मौके का जायजा लेकर तीन लाख के नुकसान का अनुमान लगाया है। एएसआई मेहरद्दीन ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन आरंभ कर दी गई है। घटना में लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
