
थानाकलां (ऊना)। क्षेत्र के तहत पड़ती टीहरा पंचायत में एक युवक कु एं में कूद गया। हालांकि, युवक को स्थानीय लोगों की मदद से बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। इसके बाद युवक को बंगाणा सीएचसी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में युवक इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार टीहरा में शनिवार दोपहर को एक 22 वर्षीय युवक कुएं में कूद गया। पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने युवक को कुएं में कूदते देख लिया। सभी घटनास्थल की और भागे। आनन-फानन में लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाल लिया। बेहोशी की हालत में बंगाणा सीएचसी में युवक को भर्ती करवाया गया। प्रकरण की जानकारी पंचायत उप प्रधान ने अजय शर्मा ने पुलिस को दे दी। एएसआई बलदेव सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा कि शनिवार को युवक का अपने परिजनों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके चलते युवक ने गुस्से में आकर ऐसा कदम उठाया है। हालांकि, युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बंगाणा थाने के एसएचओ रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
