टीवी पर दिखेगी सिड्डू बनाने की विधि

बंजार (कुल्लू)। कल्लू घाटी के व्यंजनों को बनाने की विधि अब दुनिया भर में पहुंच सकेगी। इस दिशा में कवायद शुरू हो गई है। बंजार घाटी से इस तरह के कार्यक्रम का आगाज हो चुका है। यहां के ख्याति प्राप्त पारंपरिक व्यंजनों सिड्डू, फैंबड़ा, बाड़ी और चिल्हड़ा को बनाने के विधि को कैमरे में कैद किया जा रहा है। बंजार उपमंडल के बाहु, सोझा, घियागी, छेत और जिभी आदि क्षेत्रों में इसकी शूटिंग चल रही है। शूटिंग में पारंपरिक व्यंजन बनाने की विधि शूट की जा रही है। कार्यक्रम के तहत कुल्लू, बंजार के बाद शीत मरुस्थल लाहौल-स्पीति व किन्नौर के व्यंजनों को बनाने की विधि को भी कैमरे में शूट किया जाएगा। कार्यक्रम के डायरेक्टर प्रमोद साहू का कहना है कि पहली बार इस तरह का अनूठा प्रयास हिमाचल में किया जा रहा है। इसमें यहां की रसोई तथा इनमें महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने पारंपरिक व्यंजनों को तैयार करवाते हुए दिखाया जाएगा। वैज्ञानिक तथ्यों को दूर रखते हुए पारंपरिक भोजन की खासियतों को गृहिणियों की जुबानी से ही बताया जाएगा। प्रमोद साहू ने कहा कि रिसर्च करने के बाद इस शूटिंग को किया जा रहा है। जल्द ही टीवी पर इसे दिखाया जाएगा।

Related posts